सीतापुर के सिधौली क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर अहमदपुर जट गांव के निकट मंगलवार को तेज रफ्तार परिवहन विभाग की बस ने विद्यालय जा रही शिक्षिकाओं की वैन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार पांच शिक्षिकाएं घायल हो गईं। वहीं, वैन की टक्कर आगे चल रहे ई-रिक्शा से होने पर उसमें सवार एक महिला भी घायल हो गई। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, लखनऊ निवासी अर्चना (47), भारती सक्सेना (48), सुभाषिनी (29), अर्चना त्रिपाठी (41) और ज्योति मिश्रा (47) क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार को पांचों शिक्षिकाएं एक ही वैन से अपने-अपने विद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान अहमदपुर जट गांव के पास पीछे से आ रही परिवहन विभाग की तेज रफ्तार बस ने वैन में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ई-रिक्शा से जा भिड़ी। हादसे में ई-रिक्शा सवार छोटकन्नी (47) निवासी अलादादपुर, कोतवाली सिधौली भी घायल हो गईं। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद पांचों शिक्षिकाएं आगे के इलाज के लिए निजी अस्पतालों में चली गईं।