यूपी के श्रावस्ती में जमुनहा-बहराइच मार्ग पर बंजारनपुरवा के पास बृहस्पतिवार की शाम तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने बदला चौकी का घेराव किया और प्रदर्शन किया। सूचना पर हरदत्तनगर गिरंट थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय, सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ आलोक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी रहा। हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोहरवा के मजरा कलन्द्रीपुरवा निवासी रिजवान उर्फ छुहारा(28) साइकिल से गांवों में फेरी लगाकर विभिन्न उत्पाद बेचकर परिवार का भरण पोषण करता था। बृहस्पतिवार की शाम वह फेरी का सामान बेचने के बाद साइकिल से वापस घर लौट रहा था। इस दौरान जमुनहा-बहराइच मार्ग पर बंजारनपुरवा गांव के पास तेज रफ्तार कार उनकी साइकिल से टकरा गई। हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक कार लेकर मौके से भाग गया। कार चालक की गिरफ्तारी के लिए मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। सीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। हादसा करने वाले कार चालक की तलाश की जा रही है।