शामली जनपद के बंतीखेड़ा निवासी हरियाणवी गायक एवं अभिनेता अंकित बालियान की जिम से निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि 3-4 अज्ञात लोगों ने अंकित को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही शामली कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि पुलिस टीमें घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ ही जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।