शाहजहांपुर जिले में गोवर्धन पूजा का पर्व परंपरागत और आस्था के साथ मनाया गया। घरों और मंदिरों में शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन महाराज और गोमाता का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंगलवार को घरों में गाय के गोबर से भगवान श्रीकृष्ण की कनिष्ठिका अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण किए हुए आकृति बनाई गई। इसे फूलों और रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया। मंदिरों में अन्नकूट प्रसाद तैयार कर भगवान को समर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन भी हुए। श्री रुद्र बालाजी धाम के पंडित डॉ. कान्हा कृष्ण शुक्ल ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति और गौसेवा के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व भी है।