शाहजहांपुर जिले में तीन मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद भी स्वास्थ्य इकाइयों पर बचाव के इंतजाम प्रभावी नजर नहीं आ रहे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को मरीजों के साथ चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी बिना मास्क के नजर आए। इससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है।
जिले के तीन मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। तीनों मरीज लखनऊ के हैं। उसके बाद भी स्वास्थ्य इकाईयों व राजकीय मेडिकल कॉलेज में सबक नहीं लिया गया। स्वाइन फ्लू के लक्षण वाले मरीजों की पहचान और संक्रमण से बचाव के लिए बुखार, खांसी व जुकाम के मरीजों की अलग लाइन या स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी नजर नहीं आई। सामान्य मरीजों के साथ ही ऐसे मरीजों के आने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
जागरूकता की कमी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले ही स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्कता बरतने और स्वास्थ्य इकाइयों पर अलग व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद राजकीय मेडिकल कॉलेज समेत सीएचसी स्तर पर तैयारियां कागजों तक सीमित दिखाई दे रही हैं। मरीजों और तीमारदारों में भी संक्रमण को लेकर जागरूकता की कमी नजर आई। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि स्वाइन फ्लू के अलर्ट को देखते हुए दस बेड का वार्ड आरक्षित किया गया है। मरीजों को मास्क लगाने और जागरूक करने के लिए बराबर जागरूक किया जा रहा है।