शाहजहांपुर में गर्रा नदी का जलस्तर घटने से कॉलोनियों में पानी कम हुआ है, लेकिन जगह-जगह जमा पानी से उठ रही दुर्गंध ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सफाई व्यवस्था भी बेहतर नहीं होने से स्थिति खराब बनी हुई है। लोधीपुर में खन्नौत नदी के किनारे बने कई मकान अभी भी जलभराव से घिरे हैं। लोगों को घरों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। पानी से घिरे मकानों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित है, जिससे लोगों की दिक्कत और बढ़ गई है।
मोहल्ले वालों के अनुसार, पानी में सांप और बिच्छू घूमते रहने से खतरा बना रहता है। खाली पड़े प्लॉटों में भी काफी मात्रा में पानी भरा हुआ है। इससे दुर्गंध आसपास के घरों तक पहुंच रही है और लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है। लोगों को बीमारी फैलने की भी चिंता सता रही है।
वहीं दूसरी गर्रा नदी का जलस्तर कम होने से सुभाषनगर कॉलोनी में पानी कम होने लगा है। लेकिन प्लांटों में पानी सड़ रहा है। पानी से बदबू आने के साथ ही मच्छर भी परेशान कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने, सफाई कराने और कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की है।
मच्छरों का प्रकोप बढ़ा
सुभाषनगर की बीना दीक्षित ने बताया कि बाढ़ का पानी तो उतर गया है, लेकिन अभी परेशानियों ने पीछा नहीं छोड़ा है। खाली प्लॉट में पानी भरा था। उसमें बहुत बदबू आती है। मच्छर भी बहुत पैदा हो गए हैं। दवाई का छिड़काव करवाया जाए।
लोधीपुर के सत्यम ने कहा कि मकान अभी तक पानी से घिरा पड़ा है। सुरक्षा की दृष्टि से बिजली भी काट दी गई थी। पानी में सांप भी घूमते रहते हैं। प्रशासन के अफसर अभी तक पूछने तक के लिए नहीं आए हैं।