जिले में रविवार को पुलिस परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। पुलिस लाइन से लेकर थाना, चौकी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय और विभिन्न पुलिस शाखाओं में अधिकारी और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से साफ-सफाई की। इस दौरान परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के साथ कार्यालय के अभिलेखों को भी दुरुस्त किया गया। पुलिस लाइन में प्रशासनिक भवन, परेड ग्राउंड और बैरकों की विशेष साफ-सफाई की गई। शस्त्रागार की सफाई के साथ कार्यालय अभिलेखों को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया। पुलिस कार्यालय और विभिन्न शाखाओं में भी साफ-सफाई कर अभिलेखों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रखा गया।