न्यायमूर्ति की सुरक्षा में लगी स्कार्ट गाड़ी प्रयागराज-रायबरेली हाईवे पर कुचरिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन का टायर फट गया जिससे वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर फंस गई। हादसे में मुख्य चालक, दरोगा और सिपाही घायल हो गए। जिसमें मुख्य चालक और दरोगा को गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुधांशु चौहान शुक्रवार शाम को प्रयागराज से लखनऊ जा रहे थे। उनके साथ स्कार्ट वाहन भी चल रहे थे। शाम करीब चार बजे प्रयागराज-रायबरेली हाईवे पर ग्राम कुचरिया के निकट आगे चल रही स्कार्ट वाहन का टायर फट गया। जब तक मुख्य चालक और आरक्षी संदीप कुमार वाहन को नियंत्रित करते, तब तक वाहन डिवाइडर से टकराकर उस पर चढ़ गया। इससे संदीप कुमार और वाहन में बैठे दरोगा रामनाथ कनौजिया, सिपाही प्रदीप कुमार घायल हो गए। हादसे से हाईवे पर अफरातफरी मच गई। मामले की जानकारी भदोखर पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस मौके पर गई और घायलों को एम्स भेजा। जहां पर प्रदीप कुमार को हल्की चोट आने के कारण उन्हें जाने दिया गया। जबकि संदीप कुमार और राम नाथ कनौजिया को भर्ती किया गया। सीओ आशीष निगम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। न्यायामूर्ति का वाहन बिना किसी दिक्कत के लखनऊ निकला। जबकि घायल आरक्षी और दरोगा को एम्स में भर्ती कराया गया। क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से किनारे कर दिया गया।