रायबरेली। शहर के नयापुरवा मोहल्ले में इन दिनों नरक जैसे हालात बने हुए हैं। यहां सत्य नगर का पानी तालाब के रास्ते नयापुरवा में भर रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक नाला बनाया गया था, जिसे बीच से काट दिया गया है। इस कारण नयापुरवा के निवासियों को नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। जलभराव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चे घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। रोज ठेला लगाकर परिवार का पेट पालने वाले लोग भी अपने घरों से बाहर नहीं जा पा रहे हैं। मोहल्लेवासियों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की हैं। लेकिन उनकी तकलीफों को लगातार नजरंदाज किया गया है। शहर में रहते हुए भी लोग गांव से भी बदतर जीवन बिता रहे हैं।