रायबरेली में लालगंज कस्बा के नई बाजार मोहल्ले में बृहस्पतिवार दोपहर भीषण जाम लग गया। करीब दो घंटे तक स्कूली वाहन जाम में फंसे रहे। गर्मी और उमस के बीच बच्चे वाहनों में बैठे परेशान होते रहे। इससे उन्हें घर पहुंचने में भी देरी हुई। दोपहर करीब डेढ़ बजे मुख्य मार्ग पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एक ओर जाम साकेत नगर तक पहुंच गया। दूसरी ओर करुणा बाजार चौराहे तक वाहनों की कतार लगी रही। आचार्य नगर रोड पर भी यातायात प्रभावित रहा। जाम में कई स्कूली वाहन फंस गए। बच्चों को काफी देर तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों के निकलने तक की जगह नहीं बची। राहगीरों को भी परेशानी हुई। कुछ वाहन चालक रास्ता बदलकर निकल गए। स्कूली बच्चों ने बताया कि कस्बे में आए दिन जाम लगता है। इससे घर पहुंचने में काफी देर हो जाती है। देर से पहुंचने के कारण ट्यूशन और पढ़ाई भी प्रभावित होती है। बच्चों ने प्रशासन से जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग की। स्थानीय लोगों के मुताबिक नई बाजार में अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में थोड़ी देर के लिए भी वाहनों का दबाव बढ़ने पर जाम लग जाता है। करीब डेढ़ घंटे बाद यातायात धीरे धीरे सामान्य हुआ। इसके बाद आवागमन पूरी तरह बहाल हो सका। जाम के दौरान पुलिसकर्मियों और राहगीरों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई।