रायबरेली: क्षेत्र के कुंवरमऊ गांव स्थित भुंइया रानी मंदिर परिसर में भैंस चराने को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में 13 लोग लहूलुहान हो गए। क्षेत्र के मोती का पुरवा मजरे आलमपुर निवासी शाहरुख मंदिर परिसर में भैंस चरा रहा था। मंदिर के पुजारी कमलेश दास ने उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना और पुजारी से अभद्रता करने लगा। पुजारी ने इसकी सूचना मंदिर कमेटी के सदस्यों को दी। इस पर पूरे दुर्गा सिंह मजरे कुंवरमऊ निवासी अभय सिंह कमेटी के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान शाहरुख और अभय सिंह के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि शाहरुख ने डंडे से हमला कर दिया और गांव की ओर भाग गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग मोती का पुरवा गांव के पास इकट्ठा हो गए और जमकर मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष से जय सिंह, जितेंद्र सिंह,अभय सिंह, शिवम सिंह, बीरेंद्र सिंह तथा घटना की कवरेज में गए एक पत्रकार चैतन्य सिंह भदौरिया भी घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से मोनी, महफूज़,रेहान,सोनी,सायरा,कबिता,कमरुन,सरवर घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। उपचार के दौरान अस्पताल में भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी, जिसे पुलिस ने शांत कराया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ मोहित सिंह ने बताया कि जय सिंह व अभय गंभीर चोट होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम थाने पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। एएसपी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।