जिनके राज्य में पूरी प्रजा प्रसन्न रहे, वही राम राज्य है। जिस राज्य में राजा प्रसन्न रहे, वह रावण राज्य है। कुंडा के बेंती राजभवन में कथा शुभारंभ के बाद यह बातें बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज ने कहीं। मंगलवार दोपहर तीन बजे शुरू हुई रामकथा में कथावाचक ने कहा जिस राज्य में नारी भोग्य नहीं बल्कि पूज्य होती है, वही राम राज्य है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ही ब्रह्म हैं। उनसे आदर्श चरित्र किसी का नहीं हो सकता है। कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि आज गोपाष्टमी है। यह ठाकुर जी की अष्टमी है। इसी दिन ठाकुर जी ने गाय चरानी शुरू की थी। आज ही के दिन प्रतापगढ़ की धरती पर जन्मे धर्म सम्राट स्वामी करपात्री ने गाय माता के मुद्दे को लेकर संसद की ओर कूंचकर आंदोलन छेड़ा था।