पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के गांव दियूरी में खेत में बनी झोपड़ी में शुक्रवार देर रात आग लगने से एक गाय जलकर मर गई, जबकि दूसरी गाय गंभीर रूप से झुलस गई। झोपड़ी में बंधी दो अन्य गायें लापता हैं। घटना में झोपड़ी में रखा घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया। गांव दियूरी में थाना गजरौला की रिछोला चौकी क्षेत्र के अंतर्गत खेत में बनी झोपड़ी में बीती रात करीब 12 बजे आग लग गई। पीड़ित महेश का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने झोपड़ी में आग लगाई है। आग इतनी भीषण थी कि उसमें बंधी एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गाय गंभीर रूप से झुलस गई। दो गाय आग की चपेट में आने के बाद वहां से चली गईं, जिनका अभी तक पता नहीं चल सका है। पीड़ित ने रिछोला चौकी प्रभारी को तहरीर देकर घटना की जांच कराने, मृत गाय का पोस्टमार्टम कराने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आग से हुए नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।