उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में शुक्रवार को लालकुर्ती स्थित सेंट जोजफ इंटर कॉलेज में राज्य स्तरीय मॉकड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान भूकंप, औद्योगिक रासायनिक रिसाव और आग लगने जैसी आपात स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। मॉकड्रिल में एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान का प्रदर्शन किया। टीमों ने आपदा की स्थिति में बचाव और राहत कार्य किस तरह संचालित किए जाते हैं, इसकी जानकारी दी। छात्रों को बताया आपदा के समय क्या करें अभ्यास के दौरान छात्रों को भूकंप आने पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, रासायनिक पदार्थ के रिसाव की स्थिति में सावधानी बरतने और आग लगने पर तत्काल किए जाने वाले बचाव कार्यों के बारे में बताया गया। छात्रों ने बचाव प्रक्रिया को करीब से देखा और आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों को समझा। बिना घबराए त्वरित प्रतिक्रिया पर जोर आईडीएमएफ के अनुसार, राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य स्कूली बच्चों और आमजन को आपदा के समय सतर्क रहने तथा बिना घबराए त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए जागरूक करना है। अभ्यास के माध्यम से छात्रों को अलग-अलग आपात स्थितियों में सुरक्षा और बचाव के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई।