मेरठ आवास एवं विकास परिषद के संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा को शासन ने निलंबित कर दिया है। रिश्वत के लिए पैसे के लेनदेन को लेकर वीडियो वायरल होने और शासन से शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है। शनिवार को अपर आवास आयुक्त एवं सचिव आवास एवं विकास परिषद राकेश कुमार सिंह की ओर से इस बारे में आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, मामले में उप आवास आयुक्त लखनऊ को जांच अधिकारी बनाया गया है और जोनल आयुक्त आरोप पत्र दाखिल करेंगे।