सुप्रीम कोर्ट द्वारा मेरठ में ज़ोन-ए की 16 हज़ार से ज्यादा संपत्तियों को सील करने के आदेश और सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण मुद्दे को लेकर हापुड़ रोड के फेमस प्लाज़ा में संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति व्यापारियों की बैठक हुई। व्यापारियों ने अधिकारियों से सवाल जवाब किए और पूछा कि किस आधार पर विभाग कार्रवाई करने जा रहा है, कैसे विभाग पता लगा रहा है कि कौन सी संपत्ति वैध है और कौन सी अवैध। वहीं एमडीए से आए अधिकारी पवन कुमार शर्मा ने सवालों का जवाब दिया, लेकिन व्यापारी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। वहीं समिति ने इस बैठक में आवास विकास के उच्चाधिकारी, एमडीए सचिव, एडीएम सिटी और एसपी सिटी को बुलाने की मांग की थी, लेकिन वो नहीं पहुंचे, जिससे व्यापारियों ने नाराज़गी जताई। हालांकि इस दौरान एएसपी दीक्षा भौरिया और एडीएम मौजूद रहीं।