दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दीपोत्सव की धूम रही। यहां विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने अपने-अपने मैदानों पर करीब 10 हजार दीप जलाकर पूरे परिसर को रोशनी से जगमगा दिया। खिलाड़ियों ने लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना के बाद आतिशबाजी कर दीपावली का उत्सव मनाया। इस दौरान भारत के नक्शे और इंडियन आर्मी की रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सात खेलों के खिलाड़ियों ने जलाए दीप शनिवार शाम से ही स्टेडियम में क्रिकेट, हॉकी, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स से जुड़े खिलाड़ी अपने-अपने मैदानों पर दीप जलाने में जुट गए। देखते ही देखते पूरे स्टेडियम में दीपों की कतारें सज गईं। करीब 10 हजार दीयों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। इसके बाद खिलाड़ियों ने लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। भारत के नक्शे और इंडियन आर्मी की रंगोली ने खींचा ध्यान स्टेडियम में आर्मी भर्ती के लिए दौड़ का अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने भारत के नक्शे और इंडियन आर्मी की रंगोली बनाई। इसे दीपों से सजाया गया, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। खिलाड़ियों ने अपने-अपने मैदानों पर आतिशबाजी कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। खेल और उत्सव का दिखा संगम कार्यक्रम के आयोजक जिला क्रीड़ाधिकारी डीपी सिंह ने बताया कि स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से दीप जलाकर दीपावली मनाई। पूरे परिसर में 10 हजार से अधिक दीप जलाए गए। इस दौरान ओमेंद्र सिंह, पीएन सिंह, राजीव जायसवाल, सचिन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।