मथुरा के थाना राया क्षेत्र में पुलिस, एसओजी, स्वाट व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में छह लाख रुपये हड़पने के लिए लूट की झूठी साजिश रचने वाले दो अभियुक्तों कुलदीप सिंह और अजीत (निवासी अलीगढ़) को हरोथा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही से पूरी छह लाख रुपये की रकम बरामद कर ली है। पूछताछ में सामने आया कि वादी के एजेंट कुलदीप ने अपने साथी अजीत के साथ मिलकर बैंक से छह लाख रुपये निकालकर खुद हड़पने की योजना बनाई थी। इसके बाद पुलिस व वादी को गुमराह करने के लिए मोटरसाइकिल का हिस्सा तोड़कर हाईवे पर लूट की झूठी सूचना डायल 112 पर दी थी। पुलिस टीम ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक अपराध स्वेता यादव ने बताया कि पुष्पेंद्र को 6 लाख रुपये की आवश्यकता थी और वह नोएडा में था। उसने 6 रुपये लाख कुलदीप सिंह के खाते में डाले और उससे नकद राशि लाने को कहा। इसने पूरे पैसों को हड़पने की नियत से पहले ही प्लानिंग कर ली गई थी और अपने दोस्त अजीत के साथ मिलकर जैसे ही बैंक से पैसे निकाले, तुरंत पूरे पैसे अजीत को दे दिए और खाली बैग लेकर जनपद मथुरा आया। मथुरा में थाना राया क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर उसने फोन करके सूचना दी कि पूरा पैसा लुट गया है। साथ ही उसने 112 पर पुलिस को भी सूचना दी कि उसके साथ लूट की घटना हो गई है। तत्काल स्थानीय पुलिस, मथुरा की एसओजी और स्वाट टीम मौके पर पहुंची और 24 घंटे के अंतर्गत इस घटना का सफल अनावरण किया। पूरे 6 लाख रुपये बरामद किए गए। इस घटना में शामिल दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।