12वीं गौरीलाल गोयल स्मृति अंडर-19 अंतरविद्यालयीय जिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल में सम्पन्न हुई। इसके बालक वर्ग में रमनलाल शोरावाला इंटरनेशनल स्कूल एवं बालिका वर्ग में रतनलाल फूलकटोरी देवी स्कूल चैंपियन बने। तीन दिवसीय प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण के साथ सम्पन्न हुई। फाइनल में रमनलाल शोरावाला इंटरनेशनल स्कूल ने तीन सेट मुकाबले में 25-22, 23-25 एवं 25-21 से जीत दर्ज की। वहीं रतनलाल फूलकटोरी देवी स्कूल ने दो सेटों में 25-14 और 26-24 से विजेता ट्रॉफी हासिल की। मुख्यातिथि पैरा एशियन गेम्स-2026 की डिस्कस थ्रो स्पर्धा के रजत पदक विजेता रामरतन सिंह रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, आत्मविश्वास एवं निरंतर अभ्यास से लक्ष्य हासिल करने को प्रेरित किया। उन्होंने विजेता टीम एवं एथलेटिक्स संघ के सचिव जय सिंह ने उपविजेता टीम को ट्राॅफी प्रदान की। दोनों टीम के खिलाड़ी एवं रेफरियों को ट्रैक सूट दिए। इसमें दीपक राजपूत एवं दर्शना सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने। मीडिया प्रभारी उमाशंकर गौतम ने अतिथि परिचय दिया। वॉलीबॉल संघ के सचिव डॉ. डीपी शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिताएं युवाओं को प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देती हैं। विद्यालय अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने कहा कि खेल स्पर्धाओं का आयोजन प्रतिवर्ष होगा। अगले वर्ष इसे और भी व्यापक करेंगे। कमेंट्री श्यामशीष रॉय ने, संचालन कार्यक्रम सचिव जेपी कुशवाह ने किया। इस दाैरान डायरेक्टर अभिषेक गोयल, योगेंद्र गोयल, प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा, उपप्रधानाचार्य प्रभात सिंह, हेमेश सारस्वत, धारिणी शर्मा, ममता राजपूत, सुचित्रा प्रधान, पीयूष द्विवेदी, यशवंत सिंह, रेखा शर्मा, अशोक शर्मा, रोहन कपूर, मनीष भारद्वाज, शैलेंद्र झा, रामगोपाल चौधरी आदि रहे।