मथुरा। भूत पूर्व सैनिक परिषद के बैनर तले छाता शुगर मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रतिकूल मौसम के बावजूद पूरी ताकत के साथ जारी है। तेज बारिश के बीच भी हजारों की संख्या में किसान और महिलाएं ट्रिपलो में आसमान के नीचे अपनी मांगों पर अड़े रहे। खराब मौसम भी आंदोलनकारियों के हौसले को डिगा नहीं सका। धरना स्थल पर मौजूद वक्ताओं ने मौसम के इस मिजाज को आंदोलन की सफलता से जोड़ते हुए जोश भरा। मंच से एक वक्ता ने उत्साहवर्धन करते हुए कहा, "इंद्रदेव भी हमारी इस न्यायसंगत मांग से प्रसन्न हो चुके हैं, इसीलिए वे इस ऐतिहासिक आंदोलन के समर्थन में जमकर वर्षा कर रहे हैं।" इस बयान पर किसानों ने तालियों और नारों के साथ अपनी सहमति जताई।