मथुरा में गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को मथुरा में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। गरुड़ मंदिर से जुगल जोड़ी की परिक्रमा का शुभारंभ होते ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा मार्ग पर कदमताल करते नजर आए। श्रद्धालु विभिन्न देवस्थानों पर दर्शन-पूजन करते हुए परिक्रमा पूरी करने में जुटे रहे। पूरा परिक्रमा मार्ग राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गुंजायमान रहा। ब्रज में जुगल जोड़ी की परिक्रमा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। जुगल जोड़ी अर्थात राधा-कृष्ण की संयुक्त आराधना को समर्पित इस परिक्रमा में शामिल होकर श्रद्धालु स्वयं को उनकी भक्ति में समर्पित करते हैं। मान्यता है कि जुगल जोड़ी की परिक्रमा करने से पुण्य लाभ मिलता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। गोपाष्टमी पर इस परिक्रमा का महत्व और बढ़ जाता है। मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गौचारण शुरू किया था। यही वजह है कि पर्व पर ब्रजभूमि में विशेष उत्साह दिखाई देता है। बुजुर्गों से लेकर युवा और महिलाएं तक श्रद्धाभाव से परिक्रमा कर रहे हैं। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की और ब्रज की धार्मिक परंपरा में अपनी सहभागिता निभाई।