मथुरा में रबी सीजन में पानी की निर्बाध आपूर्ति के लिए सिंचाई विभाग रजबहे और माइनरों की सिल्ट सफाई के साथ आदर्श रजबहों को सजाने-संवारने में लगा है। सफाई के साथ पटरियों का दुरुस्तीकरण, रास्ते निर्माण और पुलियों की रंगाई-पुताई कराई जा रही है। वहीं सफाई कार्य 15 नवंबर के एक हफ्ते बाद भी पूरा नही हो सका है। जिले में चार नहर खंडों के 142 रजबहे-माइनरों की 1140.89 किलोमीटर लंबाई में सिल्ट सफाई पर 5.20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 540.89 किमी लंबे 29 रजबहे और 600 किमी लंबे 113 माइनरों की सिल्ट निकाली जा रही है। यह काम 15 अक्टूबर से शुरू होकर 15 नवंबर तक पूरा होना था, लेकिन 22 नवंबर तक भी इसका कार्य पूरा नहीं हो सका है। एक सप्ताह बाद भी अब तक सिल्ट सफाई जारी है। इसमें अपर खंड आगरा नहर में 772.03 किमी पर 360.60 लाख, निचली मांट ब्रांच गंग नहर में 322.56 किमी पर 140.50 लाख, लोअर खंड आगरा नहर में 18.80 किमी पर 5.38 लाख और ऊपरी मांट ब्रांच गंग नहर में 27.50 किमी नहरों पर 13.65 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके साथ सभी खंडों के आदर्श रजबहों को विभाग द्वारा सजाया-संवारा भी जा रहा है। उनकी पटरियां दुरस्तीकरण के साथ दोनों ओर के रास्ते भी सुधारे जा रहे हैं। इसके साथ ही सभी पुलिया की रिटर्निंग वॉल भी रंगाई पुताई कर सजायी जा रही है।