मथुरा। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को ऐतिहासिक गुरुद्वारा मसानी में श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही संगत माथा टेकने पहुंचती रही, जिससे पूरा परिसर "वाहेगुरु" के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में शबद कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। दरबार में भाई हरिप्रीत सिंह और ज्ञानी भगत सिंह ने गुरबाणी का गायन कर संगत को निहाल किया। मधुर शबद कीर्तन के बीच महिला-पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे हाथ जोड़े भक्ति भाव में लीन नजर आए। कई श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के सम्मुख शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति की अरदास की।