मथुरा के छाता क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित और लंबे समय से बंद पड़ी छाता शुगर मिल (चीनी मिल) को पुन चालू कराने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब ग्रामीण अंचल तक पहुंच गया है। आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बुधवार को क्षेत्र के नरी, सांखी, अलवाई और रनवारी गांवों में विशेष बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में भूतपूर्व सैनिक ललित कर्मयोगी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व सैनिक ललित कर्मयोगी ने कहा कि अपने हक और अधिकार की मांग करने में किसी को भी संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि वीरों को हमेशा आगे बढ़ना चाहिए। जो निष्क्रिय हैं, वे कुछ हासिल नहीं कर सकते, लेकिन आप सभी जीवंत और सक्षम हैं। यदि हम सबका एकजुट समर्थन और सहयोग मिले, तो छाता की यह बंद पड़ी चीनी मिल निश्चित रूप से फिर से शुरू होगी। इसे दौरान सैकड़ों किसान ग्रामीण मौजूद थे और किसान और ग्रामीणों ने उनके साथ धरना प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही।