मैनपुरी जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं के दावे तो बहुत किए जा रहे हैं, लेकिन यह दावे खोखले साबित हो रहे हैं। जिला अस्पताल की कुछ तस्वीरें इन दावों की पोल खोल रही है। बीमारी से लाचार मरीज को भले ही जिला अस्पताल में निशुल्क उपचार मिल रहा हो, लेकिन उपचार पाने के लिए उन्हें मुश्किलों का सामना भी करना पड़ रहा है। अस्पताल में आते ही चिकित्सक को दिखाने के लिए सबसे पहले पर्चे की लंबी लाइन, उसके बाद चिकित्सक के पास तक पहुंचाने के लिए धक्कामुक्की और अंत में दवा लेने के लिए मरीजों को संघर्ष करना पड़ रहा है। ऐसे में मरीज स्वास्थ्य व्यवस्था को कोसते नजर आते हैं। उनका कहना है कि ऐसे निशुल्क उपचार का क्या फायदा जिसके लिए बीमारी से ज्यादा व्यवस्थाओं की मार झेलनी पड़े।