मैनपुरी के करहल में रविवार को तहसील क्षेत्र के पैरार में संघरतन स्पोर्ट की ओर से लंबी कूद प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में सिरसागंज के आयुष यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मासरपुर के रुकशाद खान ने द्वितीय, जाफरपुर के अंशुल यादव ने तृतीय तथा पैरार के रमन शाक्य ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रथम से लेकर दसवें स्थान तक रहने वाले प्रतिभागियों को आयोजक संघरतन ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आयुष यादव को स्पोर्ट ट्रैक सूट, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले रुकशाद खान को स्पोर्ट किट, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अंशुल यादव को स्पोर्ट रनिंग किट तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले रमन शाक्य को स्पोर्ट किट प्रदान की गई। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान रेफरी आदेश शाक्य, सत्यवीर शाक्य, विकास शाक्य, सतेंद्र शाक्य, राजकिशोर, सौरभ शाक्य, डॉ. घनश्याम और ओमकार शाक्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।