कासगंज के एसबी प्लाजा के विशाल मेगा मार्ट में हुए भीषण अग्निकांड की सूचना पर डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह प्रशासनिक और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। धुआं होने के बावजूद प्रशासनिक अमला एसबी प्लाजा में पहुंचा। जिलाधिकारी ने सीएफओ आरके तिवारी से राहत व बचाव कार्यों की स्थिति के बारे में पूछा। अन्य जनपदों से दमकल की गाड़ियां बुलाने के निर्देश दिए और आस पास के मकान खाली करवाने के संबंध में भी निर्देशित किया गया। एसपी ओपी सिंह ने सीओ आंचल चौहान एवं कोतवाली निरीक्षक को ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने, घटनास्थल की ओर लोगों का आवागमन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों के दौरान यातायात से कोई बाधा न हो। उन्होंने दमकल की गाड़ियों के आवागमन के लिए कॉरिडोर बनाने के निर्देश दिए। जिससे राहत बचाव कार्य के लिए पहुंचने वाले वाहन मौके पर समय से पहुंच सकें। नदरई गेट, बारहद्वारी सहित अन्य स्थानों पर पुलिस को लगाया गया। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने दमकल की गाड़ियों को पानी उपलब्ध कराने के एसडीएम एसएन त्रिपाठी, तहसीलदार बलवंत सिंह को निर्देश दिए। जिससे आग बुझाने के कार्य में पानी की कमी बाधा न बन सके। अधिकारियों ने घटनास्थल के आस पास के मकानों की छतों पर पहुंचकर ऊंचाई से आग की स्थिति का आकलन किया। इसके पश्चात प्रशासनिक अधिकारी बाजार में ही एक दुकान पर काफी देर बैठकर राहत बचाव कार्य का अपडेट लेते रहे।