रेलवे की ओर से सरैया रेलवे क्रॉसिंग के बीच अप व डाउन में पड़ने वाली छमकनाली रेल पुलिया (संख्या 108 व 109) के मोड़ को सीधा करने के लिए रेल विभाग की ओर से कार्य शुरू करा दिया गया है। गुरुवार को रेलवे की कार्यदायी एजेंसी की ओर से रेल मार्ग चौड़ा करने के लिए समतलीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया है। बताया गया कि मोड़ हटाकर रेल पथ बिल्कुल सीधा कर दिया जाएगा। इससे रेल यातायात और सुगम हो जाएगा। दोनों पुलियों से होकर अप व डाउन में जब ट्रेनें निकलती है तो डाउन रेल पथ पर कुछ आंशिक उठान होने के कारण कई बार ट्रेनों की रफ्तार में कमी आ जाती है। साथ ही मोड़ पड़ने के कारण लखनऊ या कानपुर की ओर आने जाने के के दौरान रेल पथ सिग्नल देखने में कुछ दिक्कतें आती हैं। साथ ही बारिश के मौसम में बड़ी और ऊंची घास खड़ी हो जाने पर सरैया क्रॉसिंग गेट से ट्रेनों को देखने में भी समस्याएं आती है। इन्हें दूर करने के लिए अब रेलवे की ओर से दोनों पुलियों के मोड़ को सीधा कराने का कार्य शुरू करा दिया गया है। इसके लिए जेसीबी से रेल पथ के किनारे रेल मार्ग को चौड़ा करने के लिए समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है। रेल पथ निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि दोनों पुलियों पर पड़ने वाले मोड़ को सीधा करने का कार्य कराया जा रहा है।