महाराजपुर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में बुधवार रात हत्या की फर्जी सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और करीब दो घंटे तक पुलिस हलकान रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली लेकिन कथित मृतक युवक का कोई सुराग नहीं मिला। जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब नौ बजे रामनगर गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था। इसी दौरान डायल-112 पर सूचना दी गई कि पड़ोसियों ने मनोज नाम के युवक को अपने घर में बंधक बनाकर मारपीट की और उसकी हत्या कर दी है। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर डायल-112 की तीन गाड़ियां, महाराजपुर थाना पुलिस और पुरवामीर चौकी पुलिस समेत करीब 50 महिला और पुरुष पुलिसकर्मी रात करीब साढ़े नौ बजे गांव पहुंच गए। बताया गया कि पुलिस के पहुंचने पर आरोपित पक्ष ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। करीब 20 मिनट बाद दरवाजा खोला गया तो पुलिस ने घर की तलाशी ली, लेकिन अंदर मनोज नाम का युवक नहीं मिला। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक मौके से भाग गया था। महाराजपुर थाना प्रभारी कार्यवाहक राजमोहन मिश्रा ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।