घाटमपुर क्षेत्र के परास गांव स्थित प्राचीन श्री शेषावतार मंदिर में रविवार को दुर्गा अष्टमी पर भव्य दीपदान का आयोजन किया गया। सूरज ढलते ही हजारों दीपों और रंग-बिरंगी झालरों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। आकर्षक सजावट देखने के लिए विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दीपदान के लिए मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई थी। शाम होते ही एक साथ हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की कतारों से मंदिर की छटा देखते ही बनी। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान मंदिर में आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।