फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निर्माणाधीन टेनरी के पानी के खुले टैंक में उतराता मिला बालक का शव, हंगामा

Shikha Pandey Updated Sat, 29 Aug 2026 10:00 PM IST

गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के बदुआखेड़ा गांव स्थित एक निर्माणाधीन टेनरी के अंदर पानी के खुले टैंक में शनिवार को नौ वर्षीय बालक का शव उतराता मिला। बालक के बायीं ओर कनपटी में गहरा घाव का निशान मिला है। परिजनों ने हत्याकर शव टैंक में फेंकने की आशंका जताई है। उधर, घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने मुआवजा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव टेनरी के अंदर रखकर लगभग चार घंटे तक हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर भी शांत नहीं हुए। हंगामे की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बदुआखेड़ा गांव निवासी प्रेमपाल मल्लाह ने बताया कि उनका नौ वर्षीय बेटा हर्ष उर्फ शिवा गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। शुक्रवार की शाम करीब 4:30 बजे गांव के पास निर्माणाधीन टेनरी के मैदान पर हो रहा क्रिकेट मैच देखने की बात कहकर घर से निकला था, इसके बाद वह नहीं लौटा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। शनिवार को दोपहर दो बजे गांव के कुछ बच्चे मैदान में खेल रहे थे, बारिश होेने पर निर्माणाधीन टेनरी में घुस गए। वहां पानी के खुले गहरे टैंक में उनके बेटे का शव उतराता देखकर बच्चों ने उन्हें सूचना दी। आरोप लगाया कि उनके बेटे की किसी ने हत्या कर शव को टैंक में फेंक दिया है, क्योंकि बेटे की कनपटी में गहरा घाव है। हो सकता है कि क्रिकेट मैच के दौरान विवाद होने पर किसी ने बैट से मार दिया हो, घायल होने पर उसे टैंक में फेंक दिया हो। उधर, घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी विनी सिंह मौक पर पहुंची। तभी परिजनों व ग्रामीणों ने मुआवजा व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर टेनरी के अंदर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होता देखकर वहां मौजूद पुलिस कर्मी भाग खड़े हुए। हंगामे की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने दैवी आपदा राहत कोष से मदद दिलाने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उधर, बेटे का शव मिलने की जानकारी मिलते ही मां काजल घर में बेहोश होकर गिर गई। मां काजल व पिता प्रेमपाल का रो-रोकर हाल बेहाल है। बताया कि उनका छोटा बेटा सात वर्षीय राहुल और बेटी पांच वर्षीय सविता है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें