गोंडा। छपिया थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की टीम ने बुधवार को बिरहीपुर बाग के पास मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुलिस को देखकर बाइक से भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान तिलकराम उर्फ झिन्कू पुत्र परशुराम, निवासी भेलखा, थाना छपिया के रूप में हुई है। उसे पहले सीएचसी छपिया ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, 17,100 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद की है। दो घरों में चोरी और लूट का खुलासा पुलिस के मुताबिक, 25 मई की रात छपिया क्षेत्र के एक घर में घुसकर महिला और उसकी बहू से मारपीट की गई थी। इसके बाद बक्से और अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी किए गए थे। वहीं, 28 जून की रात एक दूसरे घर में अकेली बुजुर्ग महिला को असलहे के बल पर धमकाकर उसके आभूषण लूट लिए गए थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने छपिया के अलावा खोड़ारे और कोतवाली देहात क्षेत्र में भी चोरी और लूट की घटनाएं करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने चार मामलों का खुलासा करने का दावा किया है। पहले से दर्ज हैं 25 रिपोर्ट पुलिस के अनुसार तिलकराम उर्फ झिन्कू के खिलाफ गोंडा और बस्ती जिले के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, माल बरामदगी और गैंगस्टर एक्ट समेत 25 रिपोर्ट दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है और चोरी का अन्य सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।