गोंडा। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वाहन जागरूकता रैली निकाली गई। जिला जज दुर्ग नारायन सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को लोक अदालत में अपने लंबित मामलों का सरलता से निस्तारण कराने के लिए जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंकिता सिंह ने बताया कि 12 सितंबर को जिला मुख्यालय के साथ ही जिले की सभी तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि जिन लोगों के मामले न्यायालय में लंबित हैं या जो आपसी समझौते के माध्यम से विवाद का समाधान चाहते हैं, वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का त्वरित और सरल समाधान संभव है। जागरूकता रैली में न्यायिक अधिकारी, बैंक अधिकारियों समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।