गोंडा में नगर कोतवाली क्षेत्र के जानकीनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे में शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे 35 वर्षीय युवक का शव मिला। स्कूल में खेलने पहुंचे बच्चों ने कमरे के अंदर युवक को मृत पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर मिश्रौलिया चौकी प्रभारी योगेश कुमार और नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। युवक के हाथ पर ‘ललित कुमार’ नाम लिखा मिला। उसके नाक से खून भी निकला हुआ था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पंचायतनामा भरकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक कहां का रहने वाला था और वह विद्यालय के कमरे में कैसे पहुंचा, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से उसकी पहचान कराने में जुटी है। कोतवाल बिंदेश्वरी मणि ने बताया कि विद्यालय के कमरे में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।