फिरोजाबाद। मेडिकल कॉलेज की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था ने सोमवार देररात मानवता को झकझोर देने वाला मंजर दिखा दिया। ट्रामा सेंटर में सुबह से भर्ती बेटे को जब रात तक इलाज नहीं मिला तो स्टाफ ने उसे सौ शैय्या अस्पताल ले जाने को कह दिया। बुजुर्ग पिता ने स्ट्रेचर और एंबुलेंस के लिए गिड़गिड़ाकर मदद मांगी, लेकिन दोनों ही नहीं मिलीं। आखिरकार पिता ने बेटे को गोद में उठाया, उसका सिर अपने कंधे पर टिकाया और करीब 300 मीटर दूर सौ शैय्या अस्पताल तक दौड़ पड़ा। अस्पताल परिसर में मौजूद लोग यह दृश्य देखकर दंग रह गए, लेकिन किसी स्वास्थ्यकर्मी ने उसकी मदद की जहमत नहीं उठाई।