एटा से आगरा जा रही बस स्कूटी सवार को बचाने के कारण रोड के किनारे पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। हादसा होते ही मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए। सीओ टूंडला सहित कई थानों का फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने घायलों को उपचार को सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा है। जबकि मामूली रूप से घायल प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इस हादसे में 30 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। बस अनुबंधित है या फिर पविहन निगम की इसकी जानकारी पुलिस कर रही है। हादसा बृहस्पतिवार शाम करीब 6:30 बजे थाना पचोखरा थाना क्षेत्र में हुआ। कातिकी निवासी राजेश कुमार टूंडला से मजदूरी कर अपने घर वापस स्कूटी पर सवार होकर लौट रहा था। एटा से आगरा जा रही बस के सामने अचानक स्कूटी सवार आ जाने के कारण उसे बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। बस सड़क किनारे खंदी में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। हादसे की जानकारी होते ही सीओ टूंडला शेखर सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायलों को उपचार के लिए टूंडला स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। यहां से गंभीर हालत वाले आठ यात्रियों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। बस में थाना रजावली क्षेत्र के ग्राम रुद्रगढी निवासी कुलदीप एवं उनकी बेटी भूमि एवं बेटा चिराग भी सवार थे। तीनों के चोटे आई हैं। बस में सवार एटा निवासी नरेश ने बताया कि वह शाम करीब पांच बजे एटा से आगरा जाने को बस में बैठे थे। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। अवागढ़ निवासी मधु ने बताया कि बस के पलटते ही भगदड़ मच गई। हर कोई जान बचाने को कूद गया। घायलों में टूंडला सीएचसी पर आशीष (20), रेखा (45), ऊषा (40), सर्वेश (60) सरोज (60),रवींद्र (30),गायत्री (28), मनीष (12), नितिन (15), राजेश (24), अर्जुन (26), सुरेंद्र सिंह (55) , शिवानी (24), सुंदर (22), सोनावती (50), कन्हैया (दो) बीना देवी (23),अंजली (22), आयादनी (40), बलवीर सिंह (58), लवी (तीन साल) को ले गए। इनमें से सर्वेश कुमार,सरोज देवी, मनीष, नितिन, राजेश, शिवानी, सुंदरम व कन्हैया की हालत गंभीर होने के कारण सरकारी ट्रामा सेंटर रैफर किया गया है। जबकि कुछ यात्री मामूली रूप से चोटिल होने के कारण वहीं प्राथमिक उपचार कराने के बाद गंतव्य के लिए रवाना हो गए।