एटा के सकीट के खंड विकास कार्यालय पर ऑल इंडिया किसान यूनियन की मासिक पंचायत शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोहर सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने की। पंचायत में ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल और मच्छरों के प्रकोप जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह वर्मा और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मनोहर सिंह के नेतृत्व में आरडी सहायक विकास अधिकारी गिरीश चंद्र व समाज कल्याण सहायक विकास अधिकारी प्रांशु वर्मा को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि ग्राम पंचायत सूरिहल के मजरा उमरायपुर में सफाई कार्य बाधित है, उमरायपुर दंडिया माफी में मंदिर के पास खराब हैंडपंप को ठीक कराया जाए और बीगौर, सूरिहल और नगला हमीर में मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए दवा का छिड़काव कराया जाए। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह वर्मा, मनोहर सिंह, वीरेंद्र सिंह, रोहन लाल, नवाब सिंह, ओम खिलाड़ी सहित कई किसान मौजूद रहे। खंड विकास अधिकारी उमेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि किसान यूनियन द्वारा एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें हैंडपंप की मरम्मत, सफाई व्यवस्था और गांव में मच्छर मारने की दवा, फॉगिंग कराने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन में जो भी समस्याएं बताई गई हैं, उनके जल्द से जल्द निस्तारण के लिए संबंधित पंचायत सचिव को निर्देशित कर दिया गया है।