बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र में गांव फरीदापुर सानी निवासी अजमेंद्र (40 वर्ष) का शव रविवार सुबह गांव के बाहर श्मशान भूमि के पास पेड़ पर लटका मिला। वह शनिवार दोपहर से लापता था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव फरीदापुर सानी रोशन लाल ने बताया कि उनका बेटा अजमेंद्र शनिवार दोपहर करीब तीन बजे से लापता था। देर शाम तक घर नहीं आने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला था। रोशन लाल ने बताया कि अजमेंद्र शराब पीने का आदी था। इसलिए रविवार सुबह को उसकी तलाश करने शराब बिकने वाले अड्डों पर निकल गए। अजमेंद्र वहां भी नहीं मिला। इसके बाद वह गांव के बाहर श्मशान भूमि के पास पहुंचे, तो देखा अजमेंद्र पेड़ पर फंदे पर लटका हुआ था।
उन्होंने बताया कि अजमेंद्र की शादी हो चुकी है और उसके बेटा-बेटी है। पत्नी अजमेंद्र के शराब पीने से परेशान होकर अपने मायके में रहती थी। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि युवक के फंदे पर लटका मिलने की सूचना पर थाना पुलिस ने पहुंचकर शव के पंचनामा की कार्रवाई की। अभी इस संबंध में पुलिस को कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।