बदायूं में भैया दूज पर्व को लेकर मंगलवार से ही ट्रेनों और बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी। बदायूं रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। बरेली, दिल्ली, मुरादाबाद, कासगंज, आगरा और लखनऊ जाने वाली ट्रेनों और बसों में सीटें फुल नजर आई। कई यात्री खड़े होकर यात्रा करते नजर आए। त्योहार के चलते परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसें चलाई हैं, फिर भी भीड़ कम नहीं हो रही है। एआरएम राजेश पाठक ने बताया ने लोकल रूट पर बसें पहले सी ही चल रही हैं इसके साथ ही दिल्ली वाली बसें भी लोकल रूट से होते हुए दिल्ली जा रही हैं। रेलवे स्टेशन पर टिकट खिड़कियों पर लंबी लाइनें लगी हैं। स्टेशन पर मौजूद यात्री सुनीता ने बताया कि वह बरेली जा रही हैं। दूज वाले दिन ज्यादा भीड़ मिलने की वजह से आज जा रही हैं, लेकिन आज भी भीड़ काफी है। यात्री सुरेंद्र ने बताया कि यात्री की सुविधाओं को देखते त्योहार पर अतिरिक्त बसें चलानी चाहिए।