बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित मैकूलाल पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार देर रात पानी का टैंक गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय राकेश पुत्र राजेश निवासी माल गोदाम रोड सिविल लाइंस के रूप में हुई है। राकेश मैकूलाल चौकी के पास संचालित मसाला डोसा की दुकान पर करीब डेढ़ महीने से बर्तन साफ करने का काम कर रहा था। बृहस्पतिवार रात तेज हवा चलने के दौरान दुकान के बराबर में नगर पालिका परिषद की ओर से लगवाई गई प्याऊ के ऊपर रखा पानी से भरा टैंक अचानक नीचे गिर गया।
पास ही बर्तन धो रहा राकेश उसके नीचे दब गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। एएसपी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।