बदायूं में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बुधवार को वोट चोरी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अजीत यादव के हाथों से पुतला छीनने की कोशिश की। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिसकर्मी जलता हुआ पुतला छीनकर ले गए। इस दौरान कांग्रेसियों ने कड़ा विरोध जताया। पुलिस ने दिल्ली जा रहे कांग्रेस नेताओं को रोक लिया। इससे कांग्रेसियों में आक्रोश फैला हुआ है। कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी जिंदाबाद, प्रियंका गांधी जिंदाबाद, वोट चोरी नहीं चलेगी, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के नारे लगाए।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अजीत यादव मंगलवार की रात नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेताओं की दिल्ली में हुई गिरफ्तारी का विरोध करने दिल्ली जा रहे थे, तभी पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को हाउस अरेस्ट कर लिया। इससे कई कांग्रेसी नेता दिल्ली नहीं जा सके। इधर, बदायूं में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर शफी अहमद को पुलिस ने देर रात उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। शफी अहमद राहुल गांधी के समर्थन और उनकी गिरफ्तारी के विरोध में एक बड़े प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे।