बरेली जिले में किसानों के 162 करोड़ रुपये का भुगतान न करने पर बहेड़ी की केसर चीनी मिल के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला करीब तीन घंटे तक मिल परिसर में डटा रहा। टीम ने मिल के प्रशासनिक भवन से लेकर सीएमडी की कोठी, अफसरों के बंगले और कर्मचारी कॉलोनी तक का बारीकी से मुआयना कर संपत्तियों का मूल्यांकन किया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम नवाबगंज सचिन यादव, जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार, सीओ अरुण कुमार सिंह, तहसीलदार वीरपाल सिंह, राजस्व टीम और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासनिक टीम एडमिन ब्लॉक को खाली कराकर सील करने और कुर्की की पूरी तैयारी से पहुंची थी। काफी देर बातचीत के बाद अफसरों ने मिल प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी है। कहा है कि किसानों की दिवाली फीकी नहीं पड़नी चाहिए। मिल प्रबंधन को हर हाल में 18 से 20 करोड़ रुपये का इंतजाम कर भुगतान करने के निर्देश दिए गए।