कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को बाराबंकी स्थित समर्थ साहब जगजीवन दास की तपोस्थली कोटवाधाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने पवित्र अभरण सरोवर में आचमन किया। इसके बाद मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन और फिर पूजन किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते ही मंदिर परिसर से मेला क्षेत्र तक करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लगी नजर आई। चारों ओर बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम, सीओ समेत पुलिस के जवान मेला परिसर में तैनात हैं और लगातार व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।