डिवाइन पब्लिक स्कूल की सात वर्षीय छात्रा वैष्णवी तिवारी की गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे की तेज आवाज के बीच तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने डीजे के मालिक और ऑपरेटर को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल पिकअप और डीजे साउंड सिस्टम समेत संबंधित उपकरण भी बरामद किए गए हैं। वहीं, मामले में पुलिस की स्थानीय निगरानी पर भी सवाल उठने के बाद मेवालाल चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा को भी पर्यवेक्षण में शिथिलता के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि डिवाइन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक आशीष कुमार उपाध्याय की तहरीर पर कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज किया गया। इसमें बालाजी हाईटेक डीजे के मालिक चंद्र प्रकाश वर्मा निवासी रघुनाथपुर इटवा, थाना रेहरा बाजार और डीजे ऑपरेटर रामपाल सैनी निवासी मोहल्ला खलवा, कोतवाली नगर को आरोपी बनाया गया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिकअप भी बरामद कर ली है। इसी के साथ डीजे साउंड सिस्टम और उसके साथ इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी कब्जे में लिया गया है। इससे जांच में जुलूस के दौरान इस्तेमाल किए गए डीजे सिस्टम की पहचान और उसकी स्थिति की पड़ताल में मदद मिलेगी। घटना के बाद सीओ ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी। अब पुलिस ने घटना से संबंधित फुटेज को विवेचना के लिए सुरक्षित करा लिया है। फुटेज के जरिए यह देखा जा रहा है कि विसर्जन यात्रा किस समय स्कूल के पास पहुंचा, डीजे की स्थिति क्या थी और उस दौरान वहां क्या गतिविधियां हुईं। बच्ची की तबीयत बिगड़ने और उसके बाद की घटनाओं को भी फुटेज के आधार पर जोड़ा जा रहा है। हालांकि बच्ची की मौत का चिकित्सकीय कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया था। ऐसे में जांच में सामने आने वाले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के साथ उपलब्ध चिकित्सकीय जानकारी भी महत्वपूर्ण होगी। पुलिस ने भी मामले को जांच के स्तर पर रखते हुए डीजे की तेज आवाज और बच्ची की मौत के बीच संबंध की पड़ताल शुरू की है। चौकी प्रभारी पर गिरी गाज एसपी ने बताया कि मामले में पुलिस ने जुलूस के दौरान स्थानीय स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी पर भी कार्रवाई की है। मेवालाल पुलिस चौकी के प्रभारी शैलेंद्र कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा को पर्यवेक्षण में शिथिलता के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। अब जिलेभर में डीजे संचालकों की जांच एक घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में डीजे संचालकों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। एसपी ने बताया कि थाना और चौकी स्तर पर डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार ही ध्वनि प्रसारित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। पुलिस ने संचालकों को नोटिस देकर नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी है। पुलिस के अनुसार डीजे संचालकों को उच्चतम न्यायालय और शासन की ओर से जारी ध्वनि संबंधी निर्देशों का पालन करने के लिए स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया है। अब पुलिस का जोर इस बात पर है कि जुलूस, धार्मिक आयोजन और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में डीजे की आवाज निर्धारित मानकों से अधिक न हो।