बागपत के रटौल क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और लहचौड़ा के पास मुबारिकपुर निवासी सुनील त्यागी की 20 बीघा गन्ने की फसल में आग लग गई। किसान ने आग लगाने का आरोप असामाजिक तत्वों पर लगाया है। सुनील के मुताबिक, दोपहर में आग लगी और देखते ही देखते खेत में फैल गई। पड़ोसी किसानों ने उन्हें फोन पर सूचना दी और दमकल विभाग को बुलाया। किसानों ने ट्रैक्टर से रोटावेटर चलाकर आग को दूसरी फसलों तक फैलने से रोकने की कोशिश की। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गन्ने की पूरी फसल जल चुकी थी। किसान ने करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया। उनका कहना है कि खेत के ऊपर हाईटेंशन बिजली की लाइन भी नहीं है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। किसानों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।