अयोध्या के रुदौली में बारामासी पौशाला से सैदपुर मार्ग पर करीब 50 मीटर आगे सड़क किनारे रखे लकड़ी के बड़े-बड़े बोटे राहगीरों के लिए खतरा बने हैं। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी बनती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटवाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरा मशीन के दुकानदार ने सड़क किनारे लकड़ी के बड़े-बड़े बोटे रख दिए हैं। इससे सड़क पर आवागमन में परेशानी होती है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है। सड़क से गुजरते समय दुर्घटना का डर बना रहता है। लोगों ने आशंका जताई कि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इबरुल हसन ने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम लगता है। इससे राहगीरों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उस्मान ने कहा कि लकड़ी के बोटे रखे होने से स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क किनारे रखे लकड़ी के बोटे हटवाकर रास्ता साफ कराने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के जेई मिथलेश कुमार ने बताया कि सड़क किनारे लकड़ी के बोटे रखकर अतिक्रमण किए जाने की जांच कराई जाएगी। अतिक्रमण मिलने पर उसे हटवाया जाएगा।