अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को हुई बैठक के बाद गुरुवार को कारसेवकपुरम में गतिविधियां तेज रहीं। ट्रस्ट के नवनियुक्त महासचिव गोविंद देवगिरी गुरुवार को कारसेवकपुरम पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व महासचिव चंपत राय के साथ बैठक की। इस दौरान ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा भी मौजूद रहे। बैठक के बाद गोविंद देवगिरी ने चंपत राय के साथ कारसेवकपुरम में रखे राम मंदिर के पुराने मॉडल का अवलोकन किया। इसके साथ ही राम मंदिर आंदोलन से लेकर मंदिर निर्माण तक के महत्वपूर्ण घटनाक्रम से जुड़े दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया का भी जायजा लिया। बुधवार को हुई ट्रस्ट की बैठक में नए सदस्यों की नियुक्ति के साथ ही ट्रस्ट की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे गोविंद देवगिरी को अब ट्रस्ट का महासचिव बनाया गया है। वहीं, पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा की ट्रस्ट में वापसी को लेकर चल रही अटकलों पर बैठक के बाद विराम लग गया था। ऐसे में गुरुवार को दोनों की गोविंद देवगिरी के साथ हुई बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कारसेवकपुरम में हुई इस मुलाकात के दौरान पुराने दस्तावेजों और मंदिर आंदोलन से जुड़े रिकॉर्ड को संरक्षित करने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।