राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में जेल में निरुद्ध आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू की जमानत अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई होगी। इससे पहले 30 सितंबर को पुलिस की आख्या प्रस्तुत न होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी थी। विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन कोर्ट रजत वर्मा की अदालत में पुलिस की आख्या प्रस्तुत होने के बाद ही राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू की जमानत अर्जी पर सुनवाई की जाएगी। वहीं, आरोपी सुभाष श्रीवास्तव की जमानत अर्जी पर सात अक्तूबर को सुनवाई की तिथि नियत की गई है। आरोपियों की ओर से पैरवी कर रहे लीगल एड डिफेंस कौंसिल के डिप्टी चीफ कुलशेखर सिंह ने दोनों आरोपियों की जमानत अर्जी 28 सितंबर को अदालत में प्रस्तुत की थी। इस पर कोर्ट ने संबंधित थाने से आख्या तलब करने का आदेश दिया था। जब्त वाहनों के रिलीज के लिए अर्जी अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस द्वारा जब्त की गई चार पहिया वाहनों के रिलीज किए जाने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया है। विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन कोर्ट रजत वर्मा द्वारा अदालत में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के लिए अलग अलग तिथि नियत किया है। साथ ही प्रार्थना पत्र पर प्रकीर्ण वाद दर्ज करते हुए थाना से आख्या तलब किया गया है।