अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को पस्ता माफी स्थित बाढ़ चौकी पर विधायक रामचंद्र यादव की मौजूदगी में 150 परिवारों को राहत किट बांटी गई। इस दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस चरण में कैथी मांझा, कैथी खास और पटरंगा मांझा के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री दी गई। यह राहत किट वितरण का पांचवां चरण था। विधायक ने बताया कि रुदौली तहसील में अब तक 1170 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। आठ अगस्त को 125, 19 अगस्त को 225, 20 अगस्त को 284, 22 अगस्त को 386 और तीन सितंबर को 150 किट बांटी गईं। राहत किट में आलू, प्याज, आटा, दाल, चावल, नमक, नहाने की बाल्टी, तिरपाल समेत 26 जरूरी सामान शामिल हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की जरूरत के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि “बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। प्रशासन के साथ समन्वय कर जरूरतमंद परिवारों तक लगातार राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। कैथी मांझा, कैथी खास और पटरंगा मांझा के परिवारों को आज राहत किट दी गई हैं। तहसील क्षेत्र में अब तक 1170 परिवारों को राहत किट उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। आगे भी जिन परिवारों को आवश्यकता होगी, उन्हें हरसंभव मदद दिलाई जाएगी।” पशुधन के लिए 803.5 कुंतल भूसा वितरित बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ पशुधन के लिए भी प्रशासन की ओर से इंतजाम किए जा रहे हैं। उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि अब तक 803.5 कुंतल भूसा वितरित किया जा चुका है। इसमें नौ अगस्त को 158.3 कुंतल, 21 अगस्त को 208.8 कुंतल, 29 अगस्त को 141 कुंतल और 31 अगस्त को 295.4 कुंतल भूसा वितरित किया गया। तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर प्रभावित परिवारों की जरूरत का आकलन कर उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ प्रभावित कोई भी जरूरतमंद परिवार राहत से वंचित न रहे। राहत वितरण के दौरान तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, ग्राम प्रशासक कैथी मांझा राम सदल, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक अनिल यादव और क्षेत्रीय लेखपाल नकछेद भारती समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।