श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन को पवित्र बनाने के साथ उसे धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रूदौली के भैरवधाम स्थित चंद देव शिशु मंदिर में मनीष वैश्य एवं आशीष वैश्य की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिवस वृंदावन धाम से पधारे कथा व्यास परम श्रद्धेय हितेंद्र कृष्ण जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भागवत महात्म्य का रसपान कराया। कथा का शुभारंभ व्यासपीठ पूजन, गुरु वंदना, मंगलाचरण और संकीर्तन के साथ हुआ। महाराज जी ने भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की महिमा बताते हुए कहा कि सच्ची भक्ति से मनुष्य के हृदय की शुद्धि होती है और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को सनातन संस्कृति, वेदों और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का संदेश दिया। प्रथम दिवस की कथा में देवर्षि नारद और भक्ति महारानी का प्रसंग सुनाते हुए महाराज जी ने बताया कि कलियुग के प्रभाव से भक्ति युवा अवस्था में दिखाई देती हैं, जबकि उनके दोनों पुत्र ज्ञान और वैराग्य वृद्ध एवं अचेत अवस्था में पड़े रहते हैं। नारद जी उनके दुख का कारण समझते हैं। इसके बाद सनत कुमारों के माध्यम से हरिद्वार के आनंद घाट पर श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा का आयोजन होता है। भागवत कथा के श्रवण से ज्ञान और वैराग्य पुनः चेतन अवस्था को प्राप्त करते हैं और भक्ति महारानी प्रसन्न हो जाती हैं। महाराज जी ने श्रद्धालुओं को नियमित रूप से भगवान की कथा सुनने, सद्कर्म करने और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में योगदान देने की प्रेरणा दी। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में लीन रहे।